रोहित ने कहा- भारत को जितने कप्तान मिले, धोनी उनमें बेहतरीन; मैदान पर कूल रहने की वजह से सही फैसला लेते हैं

 भारतीय टीम के उप-कप्तान रोहित शर्मा ने सोमवार को महेंद्र सिंह धोनी की तारीफ की। रोहित ने कहा कि अब तक भारत को जितने कप्तान मिले, धोनी उनमें बेहतरीन हैं। एक यूट्यूब चैनल पर रोहित से मेडिटेशन के बारे में सवाल पूछा गया कि कूल रहने के मामले में उनका आदर्श कौन है? इस पर उन्होंन जवाब दिया कि पूरा भारत जानता है कि धोनी सबसे कूल हैं। यह पहले से ही उनके भीतर है। मैदान पर कूल रहने की वजह से ही वह सही फैसले ले पाते हैं।


रोहित ने कहा, ‘‘धोनी के पास आईसीसी के तीनों ट्रॉफियां हैं। साथ ही कई आईपीएल टाइटल भी जीते। वे भारत के अब तक के बेस्ट कप्तान हैं। इसके पीछे किसी भी परिस्थिति में उनका शांत रहना एक सबसे बड़ा कारण है। मैंने उन्हें देखा है कि दबाव के समय वे युवा गेंदबाजों से बातचीत करते हैं। उनके गले पर पीछे से अपना हाथ रखकर उनसे पूछते हैं कि क्या चाहिए।’’


शास्त्री ने तारीफ में कहा था- धोनी हमारे सर्वकालीन महान खिलाड़ियों में से एक
 मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी धोनी की तारीफ में कहा था, “वो हमारे सर्वकालीन महान खिलाड़ियों में से एक हैं। वापसी पर फैसला उन्हीं को करना है। विश्व कप के बाद उनसे मुलाकात नहीं हुई। मुझे नहीं लगता कि वर्ल्ड कप के बाद उन्होंने क्रिकेट खेला है। पहले उन्हें खेलना शुरू करना होगा। इसकी जानकारी चयनकर्ताओं को देनी होगी।” 


धोनी ने 200 वनडे में टीम इंडिया की कप्तानी की


2016 में कप्तानी से हटने के बाद धोनी को विराट कोहली की मदद करते हमेशा देखा गया है। वे विकेट के पीछे से गेंदबाजों को गाईड करते रहते हैं। धोनी ने 2018 में एशिया कप के दौरान एक मैच कप्तानी की थी। वह कप्तान के तौर पर उनका 200वां वनडे था। धोनी आईसीसी की तीन ट्रॉफियों को जीतने वाले दुनिया के इकलौते कप्तान हैं। वे कप्तान के तौर पर 2007 में आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 में आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2013 में आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी जीते थे।